

एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर हुआ आयोजित
बीकानेर। ग्यारहवें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय से लेकर गांव-गांव तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और ‘आरोग्यता’ एवं ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश दिया। एक पृथ्वी और स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम के साथ योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में श्री यादें माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक ने प्रातः 6.15 बजे दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने योग से जुड़ा संदेश दिया। अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन रामावतार कुमावत ने योग संदेश और योग की जानकारी दी। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास शुरू हुआ।
योग प्रशिक्षक और कार्यक्रम संचालक मधु सूदन व्यास ने ओंकार के उच्चारण का अभ्यास और प्रार्थना करवाई। शिथिलीकरण के अभ्यास खड़े होकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास योग एवं प्राकृतिक चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष शेषमा ने करवाया। बैठकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास योग गुरु दीपक शर्मा ने, क्रीड़ा भारती की योग शिक्षिका जाह्नवी ने उदर और पतंजलि योग पीठ की स्नेहा के पीठ के बल बैठकर किए जाने वाले आसन करवाए। इस दौरान कपालभाति क्रिया का अभ्यास, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास अखिल विश्व गायत्री परिवार के शिव कुमार शर्मा ने करवाया। वहीं शांभवी मुद्रा में ध्यान का अभ्यास प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की कमल बहिन जी ने करवाया।
‘योग भी, वोट भी’ थीम पर हुआ आयोजन
इस दौरान निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार उपखंड अधिकारी कुणाल राहड़ ने ‘योग भी, वोट भी’ की शपथ दिलाई। सभी ने पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और प्रत्येक निर्वाचन में मताधिकार के उपयोग का संकल्प लिया। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा होर्डिंग्स के माध्यम से मतदान के महत्व के बारे में बताया गया।
ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने श्रीडूंगरगढ़ स्थित पुनरासर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित उपखंड स्तरीय कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। ‘एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री आशीष मोदी के नेतृत्व में अधिकारियों-कर्मचारियों ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योग और आसनों का अभ्यास किया।
कैरिज एंड वैगन कारखाना, लालगढ़ में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की थीम पर आयोजन किया गया।
मुख्य कारखाना प्रबन्धक विकास अग्रवाल द्वारा प्रातः 6 बजे योगाचार्या गुरू को उपरणा, नारियल भेंट किया गया। ततपश्चात कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। प्रातः 6.30 से 7 बजे तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया एवं प्रातः 7 से 7.45 बजे योगाचार्या गुरू द्वारा योगासन करवाया गया।
पहला सुख निरोगी काया है इसलिए अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमकिताओं में रखते हुए नियमित योग करें और निरोग रहें। ये उद्बोधन जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट गिरिराज मोहता ने संभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए व्यक्त किए। अवसर था – देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्त में विश्व योग दिवस 21 जून के अवसर पर बीकानेर जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा संस्थान के खुले परिसर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक के रूप में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने उपस्थित संभागियों को सूक्ष्म शारीरिक क्रियाएं एवं विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया। इस क्रम में उन्होंने ध्यान, सूर्यनमस्कार, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, मंडूकासन, शरीर के सभी अंगों के योग आदि का अभ्यास करवाया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में योग गुरु श्री दीपक जी सारस्वत को एस एफ यू संकल्प समिति – श्री शांतक्रान्ति जैन संघ द्वारा “जैन योग-साधना गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
श्री ब्राह्मण स्वर्णकार पंचायती भवन में फन क्लासेज की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योगगुरु श्री श्रीगोपाल स्वर्णकार के निर्देशन में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
फन क्लासेज की संयोजिका सोनम सोनी ने बताया कि इस अवसर पर समाज के छोटे बच्चों और बच्चियों के साथ युवतियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट योगाभ्यास को उपस्थित अपार जनसमूह ने सराहा और तालियों से उत्साहवर्धन किया।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के “फिट युवा हिट युवा” आयाम के अंतर्गत आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर द्वारा “योगा से होगा 2.0” का भव्य आयोजन दो स्थानों – बोथरा भवन एवं महिला मंडल भवन में किया गया।
पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, ने शनिवार को दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। जिला प्रशासन, प्रशासन द्वारा योग दिवस डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में “एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वेटरनरी विश्वविद्यालय के डीन-निदेशक, शिक्षक कर्मचारी एवं छात्र डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया और विभिन्न योग मुद्राओं के साथ योगाभ्यास किया गया।
