

पावणों ने जमकर उठाया बाजरे के खीचड़े, राबड़ी, चूरमे का लुत्फ
बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के पहले दिन देशी और विदेशी पावणो ने पहली बार जाजम पर बैठकर राजस्थानी देशी भोजन का स्वाद चखा। जिला प्रशासन तथा पर्यटन विभाग के तत्वावधान् में बीकानेर जिला उद्योग संघ द्वारा रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित संघ परिसर में लोक कला एवं संस्कृति लोक उद्यम और व्यंजनों की त्रिवेणी देखने को मिली। केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विदेशी पावणो की अगवानी की तथा उनके साथ जाजम पर बैठकर बाजरे की रोटी-राबड़ी-खीचड़ा-सांगरी की सब्जी और पापड़.फली सहित परम्परागत भोजन का लुत्फ उठाया। विदेशी मेहमानों के लिए यह नया अनुभव था। ठेठ राजस्थानी अंदाज में मनुहार की परम्परा के साथ पहली बार आयोजित मान मनुहार कार्यक्रम में शहर के संभ्रात नागरिकों ने शिरकत की। इस दौरान जिला उद्योग संघ परिसर में गोबर से बने उत्पादों, ऊन से बने गलीचों, शॉल एवं अन्य उत्पादों बड़ी पापड़ तथा हस्तनिर्मित उत्पादों की स्टॉल्स आकर्षण का केन्द्र रहे।
