

दूध का दूध, पानी का पानी अभियान में आम जन को किया जागरूक
बीकानेर। उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, बीकानेर (उरमूल डेयरी) द्वारा दूध का दूध-पानी का पानी-शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के दूसरे दिन जयनारायण व्यास सर्किल स्थित श्रीदेव सरस बूथ पर शिविर आयोजित कर आमजन द्वारा लाए गए दूध के सैम्पल की निःशुल्क जांच की गई। अभियान प्रभारी शुभम गुलाटी ने बताया कि कुल 23 सैम्पल लिए गये जिसमें से 20 सैम्पल फेल और केवल 3 सैम्पल पास हुए। बूथ संचालक देवाराम ने भी जांच शिविर में सहयोग किया। मोहनसिंह खीचड़ ने बताया कि खुली टंकी के दूध से रोगाणु होने की पूर्ण सम्भावना हो सकती है, यह दूध अशुद्ध और सिंथेटिक भी हो सकता है। जिससे टीबी, मधुमेह, रक्तचाप, कर्क रोग,आंखों, त्वचा, गुर्दा और पेट की अन्य बीमारियां होने की पूर्ण सम्भावना हो सकती है। इसलिए आम उपभोक्ताओं को दूध की जांच समय समय पर अवश्य करवानी चाहिए। मंगलवार को सोफिया स्कूल के पास शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अभियान पर स्थानीय उपभोक्ताओं प्रियंका, मीना गोस्वामी, अतुल अरोड़ा, जीतेन्द्र सेठी आदि ने उरमूल डेयरी के जांच अभियान की प्रशंसा की तथा अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान पूरे वर्ष सतत चलना चाहिए।
