

ईद मिलन समारोह में सजे सुरों के रंग
बीकानेर। बीकानेर में अमन कला केंद्र द्वारा महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में ईद मिलन समारोह के तहत “गीत गाता चल ओ साथी गुनगुनाता चल” शीर्षक से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी सिनेमा के जाने-माने गायक कलाकारों को याद करते हुए रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम संयोजक एम. रफीक कादरी ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थानी सिनेमा के कलाकार अरविंद वाघेला का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इकबाल हुसैन समेजा रहे, जबकि अध्यक्षता एन. डी. रंगा एवं रीतेश अरोड़ा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. भूपेंद्र तिवाड़ी, सैय्यद अख्तर एवं डॉ. हिमांशु दाधीच उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन में सांस्कृतिक एकता और सौहार्द का संदेश भी दिया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की।
