

तातेड ने जीता गोल्ड
बीकानेर। बीकानेर की एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था पैरा स्पोर्ट्स बीकानेर की निशुल्क अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी धीरज कुमार तातेड ने रोहतक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। धीरज की इस उपलब्धि से बीकानेर शहर और संस्था में खुशी की लहर दौड़ गई। इस गौरवपूर्ण सफलता पर राज्यकीय सादुल स्पोर्ट्स स्कूल में धीरज का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एशियाई सिल्वर मेडलिस्ट एवं प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान (आरएचएम) ने धीरज को सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक शशिशेखर जोशी, प्रकाश शाश्वत, विजय ढोलिया तथा कोच नरेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे और धीरज को शुभकामनाएं दीं। संस्था की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने धीरज सहित पूरी दिव्यांगजन खिलाड़ियों की टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संस्था आगे भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर का नाम रोशन कर सकें।
