

शहरों के साथ आगे आएं गांवों के प्रतिभावान खिलाड़ी
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करने में खेलों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। मेघवाल शुक्रवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में नवनिर्मित मल्टी पर्पज इनडोर हॉल के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ तथा ‘खेलो इंडिया’ का नारा दिया है। केंद्र सरकार द्वारा खेलों और खिलाड़ियों के लिए आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई कमी नहीं रखी जा रही है। सरकार की मंशा है कि शहरी क्षेत्र के साथ गांवों के प्रतिभावान खिलाड़ी भी आगे आएं तथा खेलों के मानचित्र पर भारत का नाम रोशन करें।
बीकानेर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद ने कहा कि खेल प्रशासक प्रतिभावान खिलाड़ियों का प्राथमिकता से चयन करें। खेल प्रतिभाओं के चयन में किसी प्रकार का दबाव नहीं हो, तो इसके बेहतर परिणाम सामने आते हैं
इससे पहले आरएसआडीसी की प्रोजेक्ट डायरेक्टर शिल्पा कच्छावा ने बताया कि बजट घोषणा की अनोकलना में 822.40 लाख रुपए की लागत से यह इनडोर स्टेडियम बनाया गया है। इसमें तीरंदाजी, कबड्डी, खो-खो, योग, कुश्ती, टेनिस बैडमिंटन, बास्केटबॉल सहित दर्जनों इनडोर खेले जा सकेंगे। इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा सहित विभिन्न अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
