

पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में श्याम सुंदर स्वामी का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण व कांस्य पदक जीते
बीकानेर। पंजाब के पटियाला में आयोजित 7वीं पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में बीकानेर के पैरा ओलंपियन श्याम सुंदर स्वामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता के क्वालिफिकेशन राउंड में श्याम सुंदर स्वामी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 702 अंक अर्जित किए, जिसके साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह प्रदर्शन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल रहा। इसके पश्चात एलिमिनेशन राउंड में भी उन्होंने दमदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल मुकाबले में कड़े संघर्ष के बावजूद उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में श्याम सुंदर स्वामी ने जबरदस्त आत्मविश्वास, धैर्य और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला जीतकर कांस्य पदक हासिल किया। उनके इस जुझारू प्रदर्शन की दर्शकों और खेल विशेषज्ञों ने भरपूर सराहना की। श्याम सुंदर स्वामी की इस दोहरी सफलता पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं शहरवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
