

सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का समापन, बालिकाओं को मिला आत्मनिर्भरता का संबल
बीकानेर। बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का समापन कार्यक्रम 2 अप्रैल को राजकीय बालिका गृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर डॉ. जी.के. नागपाल ने कहा कि ये बालिकाएं कौशल प्राप्त कर अपने जीवन संघर्ष को नई दिशा दे सकती हैं। संस्था परिवार के महेश उपाध्याय ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल सिलाई सीखी है, बल्कि जीवन में कभी हार न मानने का साहस भी प्राप्त किया है। बालिका गृह की अधीक्षक सुशीला देवी ने संस्था के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और प्रशिक्षण केन्द्र शुरू करने का आग्रह किया। संस्थान की संदर्भ व्यक्ति संजना सुराणा ने प्रशिक्षण केन्द्र का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि बालिकाओं के साथ परिवार जैसा माहौल बनाकर उनके कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
