Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

साहिल व खुशीराम का 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में चयन

साहिल व खुशीराम का 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में चयन
बीकानेर। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (17 वर्ष आयु वर्ग – छात्र वर्ग) का आयोजन 25 से 31 जनवरी तक रांची (झारखंड) में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर के दो होनहार छात्र खिलाड़ियों साहिल एवं खुशीराम का चयन राजस्थान हॉकी टीम में हुआ है, जो विद्यालय एवं जिले के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के छात्रावास अधीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के अंतर्गत राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु खिलाड़ियों का चयन परीक्षण 18 एवं 19 जनवरी को बन्दनवाड़ा, अजमेर में आयोजित किया गया था। इस चयन परीक्षण में प्रदेशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। विद्यालय के हॉकी खेल सहायक गोविन्द पुरोहित ने बताया कि सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के छात्र साहिल एवं खुशीराम ने चयन परीक्षण के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। छात्र खिलाड़ियों के इस महत्वपूर्ण चयन पर विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजयपाल सिंह शेखावत, खेल प्रभारी मोहम्मद रफीक, खेल प्रशिक्षक मोहम्मद अरशद, देवेन्द्र पुरोहित, भवानी शंकर शर्मा, सुरेन्द्र कुमार, प्रशान्त आचार्य, शम्भू कुमार, रविकुमार छंगाणी, स्वरूपानन्द किराडू, राकेश कुमार, जुगल किशोर, प्रकाश सारस्वत, विजय कुमार ठोलिया सहित शैक्षणिक स्टाफ के अनिल कुमार, गिरधारी राम गोदारा, मनोज तंवर एवं सुभाष गोदारा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सभी ने हॉकी प्रशिक्षक कैलाश दान एवं खेल सहायक गोविन्द पुरोहित के मार्गदर्शन एवं मेहनत की सराहना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि साहिल एवं खुशीराम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान एवं बीकानेर का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *