

शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा
बीकानेर। स्थानीय निकाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री राजेश कुमार यादव ने कहा कि जिले के समस्त नगरीय निकायों में स्वच्छता तथा सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को प्रभावी रखा जाए। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए यूजर चार्जेज संग्रहित किया जाए।
श्री यादव ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने सभी निकायों में स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, यूडी टेक्स संग्रहण, नगरीय क्षेत्रों के एरिया वृद्धि प्रस्तावों सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने एफएसटीपी प्लांट्स की स्थिति तथा इनके लिए भूमि आवंटन आदि की स्थिति के बारे में भी जाना।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के नगरीय निकायों को चार हजार हूपर्स एवं एक लाख स्ट्रीट लाइट्स दी जानी प्रस्तावित हैं। इसके मद्देनजर प्रत्येक नगरीय निकाय अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार प्रस्ताव भिजवाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नगरीय निकाय द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए घरों के आधार पर यूजर चार्जर लिया जाए। इसके लिए वार्ड और मोहल्ला स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में उपनिदेशक स्थानीय निकाय श्रीमती सुशीला वर्मा, नगर निगम उपायुक्त श्री यशपाल आहूजा, श्री कुलराज मीना सहित सभी नगरीय निकायों के अधिशाषी अधिकारी, अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
