

नए मास्टर प्लान में खामियों का विरोध, रानी बाजार का पट्टी पेड़ा व सड़क गायब
बीकानेर। नए मास्टर प्लान में खामियों का अनेक लघु व मध्यम वर्ग के व्यापारियों ने विरोध किया है। इस संबंध में नगर विकास न्यास अध्यक्ष व जिला कलक्टर सहित सक्षम अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए है। ज्ञापन में बताया गया कि गूगल मैप में रानी बाजार पट्टी पेड़ा, मार्ग को दर्शाया गया है वहीं नए मास्टर प्लान में इसको गायब कर रिहायशी एरिया बता दिया गया है। मास्टर प्लान के गलत अंकन को ठीक करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि मास्टर प्लान में सूरज टॉकिज से पट्टी पेड़ा व अम्बेडकर सर्किल की तरफ जाने वाले व्यस्त मार्ग को सही तरीके से दर्शाया नहीं गया है। इसके अलावा कई मुख्य मार्गों का भी अंकन नहीं किया गया है। रानी बाजार पट्टी पेड़ा और उसके आस पास की जमीनों पर पिछले कई दशकों से व्यवसायिक कार्य किया जा रहा है । मार्ग के चारों तरफ दुकानें तथा कई शो रूम है। मास्टर प्लान में इस क्षेत्र को रिहायशी क्षेत्र बता दिया गया है। यह क्षेत्र पिछले 65-70 वर्षों से व्यवसायिक क्षेत्र ही है एवं इसको प्रस्तावित मास्टर प्लान में आवासीय दर्शाया गया है। व्यवसायी अखलाक खिलजी सहित तीन दर्जन से अधिक लोगों ने संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन में मास्टर प्लान में सुधार कर पट्टी पेड़ा क्षेत्र के व्यवसाइयों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
