

धर्म यात्रा की तैयारियां जोरों पर
बीकानेर। भारतीय नववर्ष समारोह समिति द्वारा 19 मार्च को आयोजित होने वाली नवसंवत्सर धर्मयात्रा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें, जनसंपर्क और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को इस आयोजन से जोड़ने में जुटे हुए हैं और शहर में नववर्ष उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। कोटगेट स्थित श्रीराम कटला में कपड़ा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा ने व्यापारियों से धर्मयात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपरा को सशक्त करने का अवसर है। सहसंयोजक विजय कोचर ने भारतीय नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से इस उत्सव को भव्य बनाने का आग्रह किया। थोक वस्त्र व्यवसायी संघ के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि कोटगेट क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी दोपहर 2 बजे के बाद धर्मयात्रा में शामिल होंगे तथा विजय माल के पास यात्रा का स्वागत करेंगे। समिति के महामंत्री भंवर पुरोहित ने नत्थूसर गेट क्षेत्र में जनसंपर्क कर नागरिकों से धर्मयात्रा और महाआरती को हिंदू समाज का सामूहिक उत्सव बताते हुए अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया। इस अभियान में रामकुमार पुरोहित, किशन ओझा, नवनीत पुरोहित, कमल आचार्य, बृजराज जोशी, टी.के. राणा, उमेश बोहरा और भरत आचार्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
