

पवन देवानी की देह मेडिकल कॉलेज को दान
बीकानेर। समाजसेवी, व्यापारी और देहदान आंदोलन के प्रेरणास्रोत पवन देवानी का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके देहांत के बाद उनकी इच्छा अनुसार, उनका पार्थिव शरीर मेडिकल शिक्षा हेतु मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया गया। देहदान के इस पुण्य अवसर पर सिंधी समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, साथ ही मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. गुंजन सोनी ने स्वयं उनकी देहदान प्रक्रिया में भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह क्षण समाज में अंगदान और देहदान जैसे पवित्र कार्यों के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का प्रतीक बन गया।
पवन देवानी देहदान और अंगदान के प्रति हमेशा समर्पित रहे। वर्षों से वे अपने जेब में देहदान कार्ड रखते थे और लोगों को भी इस कार्य के लिए प्रेरित करते थे। उनका मानना थाः देहदान से मेडिकल छात्रों को मानव शरीर को समझने में मदद मिलती है, और यह एक सच्चा सामाजिक योगदान है।
