

पंचगौरव: उन्नत कृषि तकनीकी मेले का आगाज
बीकानेर/हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर कृषि मेले का रंगारंग शुभारंभ कार्यक्रम से आगाज हुआ। मेले में उमड़ी भीड़ कृषकों के उत्साह को बयां कर रही थी। जिला प्रशासन हनुमानगढ़, एमएसएमई एवं खुशालदास विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में श्पंच गौरव अन्नदाता से अन्नपूर्णा तक का समृद्धि पथ थीम पर तीन दिवसीय कृषि मेला 21 से 23 फरवरी तक सूरतगढ़ रोड़ स्थित श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में आयोजित हो रहे इस कृषि मेले 2026 का भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. विमला मेघवाल, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलपति प्रो. मनोज कुमार दीक्षित, श्रीमती प्रियंका बेलान, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश बिश्नोई,श्री गुरु गोविन्द सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबू लाल जुनेजा,यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन वरुण यादव ने विधिवत् शुभारंभ किया। मेले के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं अधिकारियों ने मेले में लगाई गई सभी स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया। कृषि, पशुपालन एवं किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े नवीन वैज्ञानिक नवाचारों पर केंद्रित तकनीकी सत्रों के आयोजन भी हुए। इन तकनीकी सत्रों में देशभर से प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक, पशु वैज्ञानिक एवं आईसीएआर संस्थानों के विशेषज्ञ उपस्थित रहे। पशुधन के जरिए आय बढ़ाने के पशुपालन मॉडल प्रस्तुत किए गए। ड्रोन प्रदर्शन, जैविक खेती प्रदर्शनी, बागवानी, पशुपालन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहें। मेले में पहले दिन 21 फरवरी को डॉ. गुलजार एस. संघेरा, निदेशक, पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू), कपूरथला गन्ना उत्पादन एवं संरक्षण तकनीकों पर व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. अनिल घोडेला, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुपालन विभाग हनुमानगढ़ ने पशु प्रजनन एवं प्रबंधन (एनएलएम योजना) पर किसानों से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
