

जन आंदोलन बना ’एक पेड़ मां के नाम’
बीकानेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ’एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान अब जन आंदोलन बन गया है। इससे प्रेरित होकर मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल पर चलाया जा रहा ’हरियालो राजस्थान’ अभियान प्रदेश को हरा-भरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। संभागीय मुख्य वन संरक्षक श्री हनुमानाराम ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत इस वर्ष बीकानेर जिले में पचास लाख पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सहायक वन संरक्षक डॉ. पूजा पंचारिया ने आगंतुकों का आभार जताया। इस दौरान पेड़-पौधे संरक्षण से जुड़ी लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन किशोर सिंह राजपुरोहित ने किया।
अर्जुन का पौधा लगा किया शुभारंभ
प्रभारी मंत्री ने अर्जुन का पौधा लगाकर जिला स्तरीय वन महोत्सव की शुरुआत की। कार्यक्रम स्थल पर कुल दो हजार पौधे लगाए गए। इसमें वन और पुलिस विभाग के कार्मिकों के अलावा स्काउट गाइड, स्कूली विद्यार्थी और आमजन शामिल रहे।
