Bikaner Bikaner District Rajasthan

अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन 1600 मीटर दौड़ में दिखा दमखम

अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन 1600 मीटर दौड़ में दिखा दमखम
बीकानेर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के खेल स्टेडियम में 29 जनवरी से 18 फरवरी तक आयोजित हो रही सेना भर्ती रैली ( वर्ष 2025-26) के चौथे दिन रविवार को युवाओं का उत्साह चरम पर नजर आया। बीकानेर, हनुमानगढ़, झुंझुनू और श्रीगंगानगर जिलों के युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए भारतीय सेना में शामिल होकर मातृभूमि की सेवा करने का जज्बा प्रदर्शित किया। सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू से आए सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह गिल (ए.आर.ओ.) ने कहा कि सेना में शामिल होना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है। चयनित होने वाले प्रत्येक युवा पर देश की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व होता है। सेना भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि रैली के इस चरण में करीब 600 युवा मैदान में उपस्थित हुए। सर्द मौसम और ठंडी हवाओं के बावजूद युवाओं के चेहरे पर थकान नहीं बल्कि देशभक्ति का जोश साफ दिखाई दिया। हर अभ्यर्थी की आंखों में भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना झलक रहा था। कर्नल कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रथम और सबसे महत्वपूर्ण चरण 1600 मीटर दौड़ में युवाओं ने अनुशासन, सहनशक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। सीटी बजते ही मैदान में कदमों की गूंज सुनाई दी और पूरा वातावरण ऊर्जा से भर गया। इस चरण में भाग लेने वाले लगभग 600 युवाओं में से करीब 500 अभ्यर्थी सफल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *