

करुणा इण्टरनेशनल के बीकानेर केंद्र का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
बीकानेर। करुणा इण्टरनेशनल संस्था बीकानेर की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ गंगाशहर के टी. एम. आडिटोरियम में आयोजित हुआ। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जतनलाल दूगड़ के निर्देशन एवं पदमचंद छाजेड़ की अध्यक्षता तथा प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पण्ड्या, बीकानेर टेक्नीकल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार रचना भाटिया, ड्यूस बैंक के डायरेक्टर पंकज ओझा, संस्था के राजस्थान प्रभारी भूपेश चारण, जोधपुर केंद्र के उपाध्यक्ष सौरभ के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुए शपथग्रहण समारोह में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने शपथ दिलाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पण्ड्या ने इस अवसर पर अतिथियों एवं सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि अपने संबोधन में विधायक व्यास ने नशामुक्ति हेतु किए जा रहे उनके प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित बच्चों को सुनागरिक बनने हेतु प्रोत्साहित किया। संस्था के सचिव राजेश रंगा के सुझाव पर विधायक व्यास ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी में करुणा पार्क की अनुमति दिलाने की घोषणा भी की।
आरटीओ अनिल पण्ड्या ने अपने उद्बोधन में सड़क सुरक्षा माह के दौरान उनके नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित गीत कविता तथा संस्कृत भाषा की रचना की सस्वर प्रभावी प्रस्तुति दी। ड्यूस बैंक, अमेरिका के डायरेक्टर पंकज ओझा ने विशेष अतिथि के रूप संबोधित करते हुए कहा कि बीकानेर को पेरिस, सिंगापुर जैसा नहीं बना सकते हैं तो कम से कम मुंबई जैसा तो बना ही सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे करुणा इण्टरनेशनल के आयामों से बहुत प्रभावित हैं और खास इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए बीकानेर आए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। मंच संयोजन सचिव राजेश रंगा, कार्यक्रम समन्वयक गिरिराज खैरीवाल एवं उपमंत्री डॉ. मुदिता पोपली ने किया। संस्था के डायरेक्टर जतनलाल दूगड़ ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा अतिथियों के परिचय दिए। सचिव राजेश रंगा ने आभार प्रकट किया। शिक्षा अधिकारी घनश्याम साध की अगुवाई में पूरी करुणा टीम ने सभी व्यवस्थाओं को बखूबी निर्वहित किया।
