

14 लाख से अधिक अपात्र व्यक्तियों ने खाद्य सुरक्षा योजना से हटवाया नाम
बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ पहुँचाने के लिए ‘गिव-अप’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 14 लाख 27 हजार 820 अपात्र व्यक्तियों ने स्वेच्छा से अपने नाम खाद्य सुरक्षा योजना से हटवाए हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नए नाम जोड़ने के लिए गत 26 जनवरी से पोर्टल शुरू किया गया है। वर्तमान में पोर्टल के जरिये आवेदन करने वाले 13 लाख 51 हजार 253 नए लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा चुका हैं एवं नए नाम जोड़े जाने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इस दौरान केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में भी 2 हजार 314 लाभार्थियों को योजना में जोड़ा गया है।
