

विधायक सिद्धि कुमारी ने किया वार्ड 30 का निरीक्षण
बीकानेर। क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक सिद्धि कुमारी ने वार्ड 30 के सरस्वती नगर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न गलियों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मोहन सुराणा के साथ क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए सभी गलियों में शीघ्र सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर विनोद भाटी, चन्द्रशेखर शर्मा, विमल पारीक, महेश गुप्ता, मूलचंद नाई, भंवर सारण, पदमाराम एवं गौरीशंकर सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विधायक की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्रवासियों ने जनहित के प्रति संवेदनशील नेतृत्व का प्रतीक बताया।
