Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में बीकानेर के महेंद्र गुर्जर का चयन

69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में बीकानेर के महेंद्र गुर्जर का चयन
बीकानेर। बीकानेर के लिए खेल जगत में गौरव का क्षण है। सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर के छात्र महेंद्र गुर्जर का चयन 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता (14 वर्ष आयु वर्ग – छात्र वर्ग) के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 जनवरी से 3 फरवरी तक त्यागीराज स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
सादुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर के छात्रावास अधीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि महेंद्र गुर्जर का चयन 38 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ है। महेंद्र ने राज्य स्तरीय चयन परीक्षण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के कुश्ती प्रशिक्षक राकेश कुमार पुरोहित ने बताया कि राज्य दल के गठन से पूर्व खिलाड़ियों का चयन परीक्षण 20 व 21 जनवरी को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कुम्भा नगर, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस चयन परीक्षण में महेंद्र गुर्जर ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
चयन परीक्षण के दौरान छात्र के साथ प्रभारी रहे हुकमाराम ने बताया कि निर्णायक मुकाबले में महेंद्र गुर्जर ने चित्तौड़गढ़ के अजय को 8-3 से बाय फॉल के माध्यम से पराजित कर राज्य दल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
महेंद्र गुर्जर के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित होने पर विद्यालय परिवार एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य अजयपाल सिंह शेखावत, खेल प्रभारी मोहम्मद रफीक, खेल प्रशिक्षक मोहम्मद अरशद, देवेन्द्र पुरोहित, भवानी शंकर शर्मा, गोविन्द पुरोहित, शम्भू कुमार, रवि कुमार छंगाणी, प्रकाश सारस्वत, विजय कुमार ठोलिया, राकेश कुमार पुरोहित, प्रशान्त आचार्य, सुरेन्द्र कुमार, स्वरूपानंद किराडू, जुगल किशोर एवं शशि शेखर सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशिक्षक राकेश कुमार पुरोहित तथा छात्र महेंद्र गुर्जर को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि महेंद्र गुर्जर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीकानेर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *