

पुष्प वर्षा के साथ हुआ भगवान सूर्य नारायण के रथ का भव्य स्वागत
बीकानेर। भगवान सूर्य नारायण की पावन रथ यात्रा के अवसर पर शहर में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर नरसिंग दास जीवणी देवी सेवग चौरिटेबल ट्रस्ट, गंगादास सेवग मेमोरियल ट्रस्ट एवं मारवाड़ी ग्रुप की ओर से भगवान सूर्य नारायण के रथ का 101 किलोग्राम पुष्पों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य नारायण के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा भगवान सूर्य नारायण की आरती कर श्रद्धा भाव से नमन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश
इस अवसर पर आयोजकों द्वारा प्लास्टिक मुक्त थैलों का वितरण भी किया गया, जिन पर “नशे को ना, जिंदगी को हां”, “प्लास्टिक को हटाना, धरती को स्वर्ग बनाना”, “जीवन अनमोल है”, “सड़क पर धीरे चलें, नियम से चलें, सुरक्षित रहें” जैसे प्रेरक और जन-जागरूकता संदेश अंकित थे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को भगवान सूर्य नारायण के कैलेंडर भी वितरित किए गए।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
सहयोगकर्ताओं का रहा सराहनीय योगदान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शंकर सेवग, राजेश शर्मा, शिवरतन सेवग, विकाश शर्मा, निलेश शर्मा, गणेश शर्मा, शौरभ शर्मा, तेजस शर्मा एवं श्रवण शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
