

काल भैरवाष्टमी महोत्सव 12 नवम्बर को
बीकानेर। काल भैरवाष्टमी महोत्सव का आयोजन सूरदासाणी पंचायत बगेची में 12 नवम्बर रात्रि में संपन्न होगा। कोडाणा सियाणा मंदिर के पूजारी पं. अमित पुरोहित ने बताया कि भैरवाष्टमी के अवसर पर भैरू जी के मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल-मालाओं एवं विशेष श्रृंगार से सजाया जाएगा। कार्यक्रम के संस्थापक राजकुमार पुरोहित (लाल जी) ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी त्रिदिवसीय भैरवाष्टमी महोत्सव का आयोजन 10 से 12 नवम्बर तक किया जाएगा। पहले दिन 10 नवम्बर को हरियाली एवं फलों का श्रृंगार होगा, दूसरे दिन 11 नवम्बर को दीपमाला का आयोजन होगा, जबकि तीसरे दिन 12 नवम्बर को पंचगव्य से महाभिषेक, विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग एवं महाआरती संपन्न की जाएगी। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम के अध्यक्ष शंकर पुरोहित ने बताया कि तीनों दिनों में भैरव जी के पाठ, श्रृंगार एवं दीपमाला के आयोजन होंगे। मीडिया प्रभारी अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि काल भैरवाष्टमी महोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर हैं।
