

जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में आग लग गई। आगजनी में जनरल वार्ड में भर्ती महिला चपेट में आने से झुलस गई। आग फैलती उससे पहले ही स्टाफ ने काबू पा लिया। वहीं झुलसी महिला आईसीयू में है। हादसे को लेकर जांच कमेटी बनाई गई है।
अधीक्षक डॉक्टर नवीन किशोरिया ने बताया- घटना रविवार रात ढाई बजे की है। हॉस्पिटल के जनरल वार्ड में पेट संबंधी परेशानी को लेकर महिला मरीज भर्ती थी। महिला ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी। महिला के साथ एक अटेंडेंट था, जिसने रात को बीड़ी सुलगाकर डस्टबीन में फेंक दी। इसके बाद वह सो गया। उसे पता नहीं चला और डस्टबीन में आग लग गई।
20 प्रतिशत तक झुलसी महिला आग में महिला का ऑक्सीजन मास्क वाला हिस्सा जल गया। सूचना पर नर्सिंग स्टाफ वार्ड में पहुंचा और अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) से आग को बुझाया। महिला मरीज 20 प्रतिशत तक झुलस गई। उसे आईसीयू में एडमिट किया गया है। प्लास्टिक सर्जन को भी बुलाया गया है।
लापरवाही की जांच के लिए कमेटी बनाई अधीक्षक डॉक्टर नवीन किशोरिया ने बताया- हादसे को लेकर एक जांच कमेटी भी बनाई गई है। मौके पर नर्सिंग स्टाफ मौजूद था या नहीं। अगर लापरवाही सामने आती है, तो एक्शन लिया जाएगा। वहीं अटेंडेंट के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। हॉस्पिटल में कोई धूम्रपान करता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। अब मरीज के अटेंडेंट के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
