

किसान को मिला खेत की मिट्टी का रिपोर्ट कार्ड
बीकानेर पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रहे हैं। इसी श्रृंखला में श्रीडूंगरगढ़ के दुलचासर ग्राम पंचायत में शुक्रवार को शिविर आयोजित हुआ। उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ दयाशंकर ने शिविर का अवलोकन किया और किसानों को कृषि एवं उद्यान विभाग की अनुदान योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए एवं मृदा स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई पद्धति योजना के बारे को बताया गया। साथ ही सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत जारी प्रशासनिक स्वीकृति प्रपत्र का वितरण किया गया। शिविर के दौरान श्याम सिंह और नेमा देवी सहित बड़ी संख्या में किसानों को खेत की मिट्टी का मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया गया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे। कार्ड में दर्शाये सुझावों के अनुसार समुचित मात्रा में उपयोग कर और उन्नत कृषि तकनीक अपनाकर किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर पाएगा। शिविर के दौरान क्षेत्र के अन्य किसानों ने अपने खेत की मिट्टी के नमूने जमा करवाए। उन्हें जल्दी ही यह कार्ड मिलेंगे। शिविर में वरिष्ठ क़ृषि पर्यवेक्षक राजेंद्र डेलू एवं बनवारी लाल सैनी उपस्थित रहे। किसानों ने संबल के लिए मुख्यमत्री का आभार जताया।
