Bikaner Bikaner District Rajasthan

पहले ऑफिस-ऑफिस खेलना पड़ता था, अब उद्यमियों का घर बैठे काम हो रहा

जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर की ट्रेनर संतोष बाहेती का सम्मान
बीकानेर। उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री के.के.बिश्नोई ने कहा कि उद्यमियों को पहले ऑफिस-ऑफिस खेलना पड़ता था लेकिन अब उनका काम घर बैठे हो रहा है। साथ ही कहा कि जिस तरह हम अपना मोबाइल समय समय पर अपग्रेड करते हैं ताकि वह हैंग ना हो। उसी तरह उद्यमी भी अपनी यूनिट को समय समय पर अपग्रेड करते रहें ताकि समस्याओं से ना जूझना पड़े।
बिश्नोई लघु उद्योग भारती की बीकानेर इकाई द्वारा रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि सिद्धि भवन में आयोजित ’’उद्यमी सम्मेलन’’ में अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होने कहा कि इस सम्मेलन में उद्यमियों की ओर से जितनी भी समस्याएं बताई गई हैं। उनका सरकार स्तर पर जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा और उद्योग जगत को सभी सुविधाएं देने का भी हम भरपूर प्रयास करेंगे। साथ ही कहा कि अब वो दिन दूर नहीं जब हम पूरे विश्व में उद्योग के क्षेत्र में परचम लहराएंगे।
कार्यक्रम में चार महिला उद्यमियों श्रीमती ललिता डागा, श्रीमती मीना चौधरी, श्रीमती संतोष बाहेती और श्रीमती इंदिरा पेडीवाल को उनकी उद्यमशीलता को लेकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि हमारा देश हजारों वर्षों तक उद्योग में सिरमौर रहा।
इससे पूर्व बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि बीकानेर में अगर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फूड टेस्टिंग लैब स्थापित हो जाए तो छोटे उद्यमी अपने माल का यहीं टेस्टिंग करवाकर बाहर भेज पाएंगे। साथ ही कहा कि प्राइवेट लैंड पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर पहले रीको से एनओसी लेनी पड़ती थी जिसे सरकार ने हटा कर बड़ी राहत प्रदान की है।
सम्मेलन को लघु उद्योग भारती के जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा, उपाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पड़िहार ने भी संबोधित किया। बीकानेर प्रांत के अध्यक्ष श्री हर्ष कंसल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि 1994 में स्थापना से लेकर अब तक लघु उद्योग भारती एक पेड़ बन चुका है जिसकी देश भर में 960 इकाई के करीब 55 हजार सदस्य हो चुके हैं। बीकानेर में 537 सदस्य बन चुके हैं। बीकानेर प्रांत महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती राखी चौरड़िया ने सम्मानित की गई चार महिला उद्यमियों के प्रशस्ति पत्रों का वाचन किया। बीकानेर प्रांत के सचिव श्री प्रकाश नवाल ने लघु उद्योगों की समस्याओं और सुझावों से अवगत करवाया। कार्यक्रम के आखिर में राजेश गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *