

बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद, कांग्रेस ने मुआवजे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के प्रतिनिधि मंडल ने बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के नोखा, लूणकरनसर, कोलायत, खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रों में हाल ही में आई तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें भारी रूप से प्रभावित हुई हैं। खेतों में खड़ी तथा कटाई के बाद खलिहानों में पड़ी रबी की फसलें लगभग 90 प्रतिशत तक खराब हो गई हैं। ज्ञापन के अनुसार इसबगोल, गेहूं, जीरा और चना जैसी प्रमुख फसलें पूरी तरह से प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से विशेष गिरदावरी करवाकर नुकसान का सही आकलन करने तथा शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग रखी। वहीं जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल में शांति बेनीवाल, शशिकला राठौड़ सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
