

कंपनी सचिव परीक्षा के परिणाम घोषित, किंजल अजमेरा और अनीशा केसवानी ने प्राप्त की ऑल इंडिया प्रथम रैंक
बीकानेर। दिसंबर 2025 में आयोजित कंपनी सचिव (CS) परीक्षाओं के प्रोफेशनल प्रोग्राम (2022 पाठ्यक्रम) और एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम (2022 पाठ्यक्रम) के परिणाम आज नई दिल्ली में घोषित कर दिए गए। परिणाम संस्थान के देशभर के सभी कार्यालयों में जारी किए गए तथा संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.icsi.edu
पर भी उपलब्ध कराए गए हैं। परीक्षार्थी वेबसाइट पर विषयवार अंक विवरण (मार्क्स ब्रेक-अप) देख सकते हैं तथा एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम के परीक्षार्थी ई-रिजल्ट-कम-मार्क्स स्टेटमेंट डाउनलोड भी कर सकते हैं। प्रोफेशनल प्रोग्राम (2022 पाठ्यक्रम) परीक्षा में ग्रुप-1 में 26.73 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 में 26.67 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस परीक्षा में मुंबई परीक्षा केंद्र की किंजल अजमेरा ने ऑल इंडिया प्रथम रैंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम (2022 पाठ्यक्रम) परीक्षा में ग्रुप-1 में 18.03 प्रतिशत और ग्रुप-2 में 22.26 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल रहे। अहमदाबाद परीक्षा केंद्र की अनीशा दर्शन केसवानी ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम रैंक प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। संस्थान ने जानकारी दी कि कंपनी सचिव प्रोफेशनल और एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम (2022 पाठ्यक्रम) की अगली परीक्षाएं 1 जून 2026 से 7 जून 2026 तक सुबह के सत्र में आयोजित की जाएंगी। इसके लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 26 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी। इसके अलावा कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट (CSEET) का आयोजन 1 जून 2026 से 4 जून 2026 तक दोपहर के सत्र में किया जाएगा, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मार्च 2026 से शुरू होगी। संस्थान ने अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।
