Bikaner Jaipur Jodhpur Rajasthan Sikar Udaipur

राजस्थान में तेज होगी सर्दी, 7 जिलों में छाया कोहरा

राजस्थान में इस सीजन तेज सर्दी का दौर भले ही अब तक शुरू नहीं हुआ हो, लेकिन घना कोहरा पड़ना शुरू हो गया। रविवार को उत्तरी राजस्थान के 8 जिलों में कोहरा रहा। जयपुर में रविवार दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। इस सीजन का जिले का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, आज भी 7 जिलों झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नीमका थाना और श्रीगंगानगर में कोहरा छाया। कोहरे के कारण 5 ट्रेनें देरी से रवाना हुई।

पिछले 24 घंटे के मौसम की स्थिति देखें तो श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के अलावा बीकानेर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, जैसलमेर और जोधपुर के कुछ हिस्सों में रविवार को घना कोहरा रहा। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं में तो विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम होने की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों को ऑरेंज जोन में रखा।

दिन में घने कोहरा और हल्की हवा चलने के कारण रविवार को 11 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा। इसमें जयपुर के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, पिलानी, सिरोही, फतेहपुर, सीकर, उदयपुर, फलौदी, बीकानेर शामिल है।

ट्रेनों पर कोहरे का असर उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया- उत्तरी राज्यों जैसे यूपी, बिहार, बंगाल, झारखंड में कोहरे का असर रेल संचालन पर पड़ा है। ट्रेनें देरी से चल रही है। गाड़ी संख्या 12988- अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस आज दोपहर 12:50 बजे रवाना होनी थी, अब 5 घंटे की देरी से शाम 5:50 बजे चलेगी।

गाड़ी संख्या 05538- दौराई-दरभंगा स्पेशल भी 7 घंटे की देरी से सुबह 6:45 बजे रवाना हुई। गाड़ी संख्या 12968- जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस 7 घंटे की देरी से रविवार रात 2:35 बजे रवाना की गई। गाड़ी संख्या 12988- अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस को 17 नवंबर को 3 घंटे 25 मिनट की देरी के साथ 4:15 बजे रवाना हुई थी।

गाड़ी संख्या 05098- दौराई-टनकपुर स्पेशल भी 16 नवंबर को निर्धारित समय 4:05 बजे के बजाय 2 घंटे 55 मिनट की देरी से शाम 7 बजे रवाना हुई थी।

जयपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत अधिकतम तापमान से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पूरे प्रदेश में पिलानी (झुंझुनूं) में रविवार को सबसे ठंडा दिन रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो यहां के औसत अधिकतम तापमान से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। चूरू में 17 नवंबर को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस (औसत से 8.7 डिग्री नीचे) दर्ज हुआ।

माउंट आबू में लगातार चौथे दिन पारा 10 डिग्री से नीचे हिल स्टेशन माउंट आबू में रविवार को भी लगातार चौथे दिन रात में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 13, उदयपुर, सीकर, पिलानी में 14-14, भीलवाड़ा में 14.2, करौली में 14.5, बारां, चित्तौड़गढ़ में 14.8 और जालोर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *