

बाल कवि सम्मेलन आयोजित, बच्चों ने देशभक्ति व संस्कृति पर सुनाई कविताएं
बीकानेर। सेवा कुंज छात्रवास में अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के तत्वावधान में बाल कवि सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हें-मुन्ने बच्चों और किशोर प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति के गौरव गान से ओत-प्रोत कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिससे वातावरण भावविभोर हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाल साहित्यकार शिवराज भारतीय उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए बाल्यावस्था से ही पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया तथा साहित्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किताबें बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सम्मेलन साहित्यकार मदन सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी मधु झाबक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे कच्चे घड़े के समान होते हैं और किताबें उन्हें सही दिशा व संस्कार प्रदान करती हैं। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका कपिला स्वामी, डॉ. मनीष सैनी एवं सीमा भोजक ने निभाई। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के अंत में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
