

भाजपा ने की महत्वपूर्ण नियुक्तियां
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी, सक्रिय तथा संचार की दृष्टि से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बीकानेर संभाग के मीडिया विभाग में महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई है। घोषित नियुक्तियों के अनुसार दशरथ सिंह शेखावत को बीकानेर संभाग के मीडिया विभाग में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं चेतन प्रकाश राजपुरोहित एवं सुरेंद्र सिंह शेखावत को हनुमानगढ़ जिले का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में भवानी पाईवाल को श्रीगंगानगर जिले के मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने इन नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा संचार तंत्र को और मजबूत बनाने पर जोर दिया है। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
