

दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने जारी किए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के निष्कर्ष
बीकानेर। Telecom Regulatory Authority of India (ट्राई) द्वारा जनवरी 2026 के दौरान राजस्थान के बीकानेर जिले में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) किया गया। यह परीक्षण बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ कस्बों के साथ-साथ देशनोक से नोरंगदेसर राजमार्ग (अमृतसर–जामनगर भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा National Highway 754A) तथा पुगल से रणजीतपुरा मार्ग (National Highway 911) पर किया गया। इस परीक्षण के निष्कर्ष आम दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जारी किए गए हैं। बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक O. P. Khatri ने बताया कि इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मोबाइल नेटवर्क सेवाओं—वॉयस कॉल और डेटा सेवाओं—की वास्तविक गुणवत्ता का आकलन और सत्यापन करना है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के दौरान कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड, स्पीच क्वालिटी जैसे प्रमुख परफॉर्मेंस इंडिकेटर (KPI) का वास्तविक समय में डेटा एकत्रित किया जाता है। इसके लिए उन्नत परीक्षण हैंडसेट और विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जाता है, जिससे नेटवर्क सत्रों की निगरानी और विश्लेषण किया जा सके। उन्होंने बताया कि ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर ने अपनी नियुक्त एजेंसी के माध्यम से 13 जनवरी से 16 जनवरी 2026 के बीच बीकानेर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह ड्राइव टेस्ट किया। इस दौरान बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ कस्बों में कुल 293.8 किलोमीटर मार्ग, देशनोक से नोरंगदेसर राजमार्ग के 41.1 किलोमीटर तथा पुगल से रणजीतपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग के 104.2 किलोमीटर मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।
