Rajasthan

रंग लगाने से मना करने पर युवक की गला घोंटकर हत्या

रंग लगाने से मना करने पर युवक की गला घोंटकर हत्या
जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में तीन लोगों ने रंग लगाने से मना करने पर 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम को रालावास गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अशोक, बबलू और कालूराम स्थानीय पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हंसराज को रंग लगाने पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश अग्रवाल ने बताया कि जब हंसराज ने रंग लगवाने से मना कर दिया तो तीनों ने पहले उसकी लात-घूंसों और बेल्ट से पिटाई की और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने बाद में हंसराज के शव के साथ प्रदर्शन किया और इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हंसराज के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और तीनों आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अधिकारी ने बताया कि पुलिस के आश्वासन के बाद शव को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *