Bikaner Bikaner District Rajasthan

कौशल सशक्तिकरण के 17 वर्ष पूर्ण होने पर स्थापना दिवस समारोह आयोजित

कौशल सशक्तिकरण के 17 वर्ष पूर्ण होने पर स्थापना दिवस समारोह आयोजित
बीकानेर/कोलायत। कोलायत में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केन्द्रों तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित कंप्यूटर केन्द्रों के 17 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल साक्षरता के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केन्द्रों की भूमिका को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की सुपरवाइजर श्रीमती विमला बिश्नोई रहीं। उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा आज के समय की आवश्यकता है, जिससे व्यक्ति रोजगार प्राप्त कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकता है। केन्द्र के संचालक तरुण राठौड़ ने बताया कि पिछले 17 वर्षों में कंप्यूटर केन्द्रों ने क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देकर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाया है। इससे अनेक प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, डाटा एंट्री, कार्यालय कार्य सहित अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर अनुदेशिका सुलोचना राठौड़ ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अनेक प्रशिक्षणार्थी डिजिटल रूप से साक्षर होकर आज विभिन्न वित्तीय एवं सेवा क्षेत्रों में कार्यरत हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बने हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से निरंतर सीखते रहने और तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने केन्द्र के 17 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और भविष्य में भी इसी तरह समाज के कमजोर वर्गों को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। समारोह में जसोदा, वसुधा, कोमल, राजेश्वरी, राजकुमारी, रूखमणी, महिमा, बेबी, राघा, पूजा, भाग्यश्री, भवानी सिंह, त्रिलोकचंद, बलराज, बाबूसिंह, महीपाल सहित अनेक प्रशिक्षणार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *