

डॉ. प्रजापत का अभिनंदन समारोह आयोजित
बीकानेर। शब्दरंग साहित्य एवं कला संस्थान, बीकानेर के तत्वावधान में राजस्थानी भाषा के शोधार्थी एवं व्याख्याता डॉ. गौरीशंकर प्रजापत की राजस्थानी भाषा-साहित्य की लगातार सेवाओं को मध्य नजर रखते हुए अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने की, जबकि मुख्य अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार एवं विशिष्ट अतिथि व्यंग्यकार-संपादक डॉ. अजय जोशी थे। अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेन्द्र जोशी ने डॉ. प्रजापत के शोधपूर्ण कार्यों की सराहना करते हुए राजस्थानी भाषा के संवर्धन पर जोर दिया। मुख्य अतिथि राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि राजस्थानी साहित्य की मरुस्थली में डॉ. गौरीशंकर प्रजापत जैसे शोधार्थी ही वह ओस की बूँद हैं जो साहित्य-संस्कृति को हरा-भरा रखती है। गौरीशंकर प्रजापत के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से डॉ.प्रशांत बिस्सा ने प्रकाश डाला। अभिनंदन पत्र का वाचन प्रेरणा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रेमनारायण व्यास ने किया। डॉ. प्रजापत को शाल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। सम्मान के प्रति उत्तर में डॉ.गौरीशंकर प्रजापत ने राजस्थानी भाषा की मान्यता की पुरजोर मांग रखी। अभिनंदन समारोह में शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
