Bikaner Bikaner District Rajasthan

भार्गव की प्रथम पुण्यतिथि पर संवाद कार्यक्रम आयोजित, संस्था के प्रति गौरवशाली समर्पण था भार्गव का

संवाद टीम प्रबंधन और संघर्ष समाधान का मुख्य आधार : डॉ. सीमा त्यागी
“जहाँ संवाद नहीं होता, वहाँ विवाद और मनमुटाव उत्पन्न होते हैं। संवाद स्थापित कर हर विवाद और मनमुटाव का समाधान निकाला जा सकता है।”
ये विचार मुख्य अतिथि डॉ. सीमा त्यागी, असिस्टेंट प्रोफेसर, स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर ने व्यक्त किए।
अवसर था— बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति द्वारा कीर्तिशेष श्री अविनाश भार्गव की प्रथम पुण्यतिथि पर स्थानीय प्रौढ़ शिक्षा भवन सभागार में आज दिनांक 12 फरवरी 2026 को आयोजित ‘टीम प्रबंधन और संघर्ष समाधान’ विषयक संवाद कार्यक्रम का। इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. सीमा त्यागी का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सीमा त्यागी ने कहा कि प्रौद्योगिकी संसाधनों ने कार्य की कठिनाइयों को तो कम किया है, लेकिन इसके साथ ही मानसिक जकड़न भी बढ़ाई है। आज अधिकांश संगठनात्मक कार्मिक कार्यभार से अधिक आपसी संबंधों को लेकर दबाव और तनाव में हैं। यह मानसिक तनाव अनेक बीमारियों का कारण बनता है। इसका प्रमुख कारण टीम प्रबंधन में कमी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए हमें उसे अपने साथी के दृष्टिकोण से भी देखने का प्रयास करना चाहिए और मिल-बैठकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था अध्यक्ष डॉ. ओम कुवेरा ने कहा कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। समाज समूहों से बनता है और किसी भी समूह की मजबूती का आधार कुशल प्रबंधन होता है। इसके लिए निरंतर पारस्परिक विचार-विमर्श आवश्यक है।
प्रारंभ में संस्था सचिव श्रीमती सुशीला ओझा ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कीर्तिशेष श्री अविनाश भार्गव के संस्था के प्रति समर्पण को गौरवशाली बताया। साथ ही उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. सीमा त्यागी के व्यक्तित्व में सिद्धांत और व्यवहार के संतुलन की सराहना की। संयुक्त सचिव डॉ. ब्रजरतन जोशी ने संस्था द्वारा प्रारंभ किए गए वैचारिक अनुष्ठान ‘मनन के मार्ग पर’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से नगर विकास से जुड़े विचारों के लिए एक सशक्त मंच तैयार किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपाली धवन ने श्री भार्गव के संस्था के प्रति लगाव एवं समर्पण को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कार्यक्रम अधिकारी महेश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, संदर्भ व्यक्तियों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट गिरिराज मोहता ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *