Bikaner Bikaner District India Jaipur Rajasthan

स्प्रिट से भरे टैंकर जब्त, 1.20 लाख लीटर स्प्रिट बरामद; चार गिरफ्तार

स्प्रिट से भरे  टैंकर जब्त, 1.20 लाख लीटर स्प्रिट बरामद; चार गिरफ्तार
बीकानेर। आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत मंगलवार को लूणकरणसर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान स्प्रिट से भरे  टैंकरों से अवैध रूप से स्प्रिट निकालते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से कुल 1 लाख 20 हजार लीटर स्प्रिट तथा ड्रम में अलग से 600 लीटर स्प्रिट बरामद की गई। आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर नमित मेहता के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन बीकानेर मनीषा लेघा के आदेशानुसार तथा उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर पोमाराम रोहिण के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटवारी एवं सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में प्रहराधिकारी लूणकरणसर आबकारी थाना भगाराम ईनाणियां मय जाप्ता ने मुखबिर की सूचना पर अर्जुनसर-पल्लू सड़क के किनारे सरहद जेठपुर, भारतमाला रोड से करीब 400-500 मीटर पहले अर्जुनसर की तरफ कार्रवाई की। टीम ने स्प्रिट से भरे टैंकरों से अवैध रूप से स्प्रिट ड्रमों में निकालते हुए तीन टैंकर जब्त किए। तलाशी के दौरान प्रत्येक टैंकर से 40 हजार लीटर स्प्रिट बरामद हुई। इस प्रकार तीनों टैंकरों से कुल 1 लाख 20 हजार लीटर स्प्रिट बरामद की गई। इसके अलावा ड्रम में अलग से 600 लीटर स्प्रिट भी मिली। विभाग के अनुसार बरामद स्प्रिट पंजाब से भरकर सुजानपुर, सिद्धपुर एवं पाटन होते हुए गुजरात ले जाई जा रही थी। कार्रवाई में आबकारी थाना खाजूवाला के प्रहराधिकारी जयदयाल का भी विशेष योगदान रहा। मौके से अवैध रूप से स्प्रिट निकालते पाए गए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 16/54 एवं 54ए के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *