

अग्निवीर भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र जारी, जनवरी में बीकानेर में होगी रैली
बीकानेर। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) झुंझुनूं की ओर से अग्निवीर भर्ती रैली के लिए पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। जून 2026 में आयोजित सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफल अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। एआरओ झुंझुनूं के अधिकारी कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिलों के पात्र युवाओं की भर्ती के लिए एआरओ झुंझुनूं नोडल भर्ती कार्यालय है। इन पांच जिलों के सफल अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अग्निवीर क्लर्क के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक सीकर में आयोजित होगी। वहीं अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर 10वीं पास एवं अग्निवीर 8वीं पास श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 30 जनवरी से 22 फरवरी 2027 तक बीकानेर में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र पर अंकित रिपोर्टिंग तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें। साथ ही निर्धारित तिथि पर आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्रों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित हों।
