Bikaner Bikaner District India Rajasthan

श्री आदि गणेश मंदिर में गणेश पूजन महोत्सव का आगाज, 14 सितंबर को 2151 किलो प्रसाद का लगेगा भोग

श्री आदि गणेश मंदिर में गणेश पूजन महोत्सव का आगाज, 14 सितंबर को 2151 किलो प्रसाद का लगेगा भोग
बीकानेर। श्री आदि गणेश मंदिर में गणेश पूजन महोत्सव का विधिवत आगाज हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन बाल भक्तों ने भगवान गणेश का दूध, दही, घी, केसर, चीनी, शहद, चंदन, गुलाब जल एवं पंचामृत सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। पंडित सुनील व्यास एवं विजय श्रीमाली ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान लम्बोदर का अभिषेक एवं पूजन करवाया। महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। अविनाश चंद्र व्यास ने बताया कि 11 सितंबर को भगवान गणेश एवं षोडश मातृकाओं की पूजा यज्ञ के यजमानों द्वारा करवाई जाएगी। 12 सितंबर को गणेश-लक्ष्मी स्त्रोत के 11 हजार पाठ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस दौरान नगाड़ों का वादन भी होगा तथा पंडितजन एवं भक्तजन सामूहिक रूप से पाठ में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को आचार्य पंडित राजेंद्र किराड़ू के आचार्यत्व में पूर्ण विधि-विधान से पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसी दिन शाम को 108 अथर्वशीर्ष के पाठ के साथ भगवान गणपति का मोदकार्चन किया जाएगा। यज्ञ के यजमानों द्वारा पूजन किया जाएगा तथा पंडित राजेंद्र किराड़ू के आचार्यत्व में महायज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष अभिषेक एवं पूजन का शुभारंभ होगा। इसके बाद भगवान गणेश का जन्मोत्सव एवं आरती आयोजित की जाएगी। रात्रि में जागरण का आयोजन होगा। इस अवसर पर भगवान गणेश को 2151 किलोग्राम प्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रिकालीन जागरण में भक्त मंडल से जुड़े अशोक बांठिया, राजेंद्र व्यास, मनोज के. बिस्सा, रामसा व्यास एवं सोमदत्त पुरोहित सहित अन्य भजन कलाकार भगवान गणेश के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *