

लक्षित प्रकरणों के निस्तारण के विरोध में 31 अगस्त को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे बीकानेर के अधिवक्ता
बीकानेर। बार एसोसिएशन, बीकानेर की आमसभा में राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा लक्षित प्रकरणों के निस्तारण के लिए जारी कार्य योजना को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। आमसभा में अधिवक्ताओं ने लक्षित प्रकरणों में अपेक्षाकृत नवीन मामलों को शामिल किए जाने तथा संख्यात्मक निस्तारण को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता जताई। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस व्यवस्था का प्रभाव न्याय की गुणवत्ता, प्रभावी पैरवी तथा अधिवक्ताओं के व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन पर पड़ रहा है। इसे लेकर बार एसोसिएशन ने 31 अगस्त को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि राजस्थान के अधिकांश बार संघों के पदाधिकारियों से लक्षित प्रकरणों के निस्तारण के लिए जारी कार्य योजना के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद बीकानेर में आगामी आदेशों तक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। आमसभा में आवश्यकता उत्पन्न होने पर अधिवक्ता समुदाय के व्यापक हित में परिस्थितियों के अनुरूप आगामी आवश्यक कदम उठाने के लिए बार एसोसिएशन अध्यक्ष को अधिकृत किया गया। इस संबंध में बार एसोसिएशन, बीकानेर की ओर से राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर के मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन जिला एवं सेशन न्यायाधीश, बीकानेर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
