

राखी निर्माण प्रशिक्षण से महिलाओं-बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
बीकानेर। आरएलजी बालिका सशक्तीकरण संस्थान की ओर से जयपुर रोड स्थित कच्ची बस्ती क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राखी निर्माण प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में स्वरोजगार की भावना विकसित करना, उनके हस्तकला कौशल को निखारना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि हर महिला के भीतर कोई न कोई प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता केवल उस प्रतिभा को पहचानने, निखारने और उसे सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि हुनर को स्वरोजगार से जोड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकती हैं। कार्यक्रम में नीति शर्मा, ज्योति खत्री, नेहा कपूर, आंचल राजपूत सहित अन्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं एवं बालिकाओं को कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं एवं बच्चों को राखी निर्माण की सामग्री, हस्तनिर्मित राखियां, टिफिन, पानी की बोतल तथा स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।
