

23वीं राज्य स्तरीय एमटीबी और 31वीं रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप 22 अगस्त से
बीकानेर। राजस्थान साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय एमटीबी प्रतियोगिता के लिए राजस्थान के खिलाड़ियों के चयन हेतु 23वीं राज्य स्तरीय एमटीबी तथा 31वीं रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप का आयोजन 22 अगस्त से बीकानेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता गजनेर रोड पर सुबह 7 बजे से शुरू होगी। राजस्थान साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन कुमार सुखीजा के अनुसार दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 25 जिलों से करीब 250 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन का आधार बनेगा। जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष मोहित बैद एवं सचिव सुरेंद्र कूकणां ने बीकानेर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
