Bikaner Bikaner District India Rajasthan स्वास्थ्य जागरूकता

‘मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट’ अभियान से सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे बस्तीराम बिश्नोई

‘मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट’ अभियान से सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे बस्तीराम बिश्नोई
बीकानेर। सीआईडी (सीबी) रेंज सेल, बीकानेर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद शर्मा के कांस्टेबल चालक बस्तीराम बिश्नोई राजकार्य के साथ पिछले नौ वर्षों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का अनूठा अभियान चला रहे हैं। वे प्रतिदिन करीब 15 से 20 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं और इस दौरान स्वयं हेलमेट पहनकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हैं। उनके अभियान का संदेश है—‘मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट।’
बस्तीराम बिश्नोई बताते हैं कि वर्ष 2018 में घर से कार्यालय जाते समय पीबीएम अस्पताल के पास उन्होंने एक दर्दनाक सड़क हादसा देखा। हादसे में बिना हेलमेट बाइक चला रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल ले जाया गया और बाद में मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां चार दिन उपचार के बाद उसकी मृत्यु हो गई। अखबार के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर बस्तीराम अंदर तक झकझोर गए। उन्होंने उसी दिन संकल्प लिया कि वे स्वयं हमेशा हेलमेट पहनेंगे और लोगों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके बाद उन्होंने साइकिल चलाते समय भी हेलमेट पहनना शुरू कर दिया। बस्तीराम का स्पष्ट संदेश है कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए है। उनका मानना है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हर नागरिक की जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
कई मंचों पर हो चुका है सम्मान
बस्तीराम बिश्नोई के सड़क सुरक्षा अभियान को विभिन्न स्तरों पर सम्मान भी मिल चुका है। 30 दिसंबर 2025 को डीजीपी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने उन्हें 5,000 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। 9 जनवरी 2026 को केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री ने बीकानेर ट्रेड फेयर एक्सपो में स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका सम्मान किया। 17 फरवरी 2026 को अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा, मुकाम, बीकानेर की ओर से प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। 27 मार्च 2026 को आईजीपी मानवाधिकार ने 2,000 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। 16 अप्रैल 2026 को पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर आईजीपी रेंज बीकानेर ओमप्रकाश ने प्रशंसा पत्र प्रदान किया। वहीं 19 अप्रैल 2026 को बीकानेर नगर स्थापना दिवस के अवसर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बस्तीराम बिश्नोई का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका यह अनूठा अभियान लोगों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक होने का संदेश दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *