

स्वर श्रृंगार साहित्य सम्मान से तीन साहित्यकार सम्मानित, काव्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बीकानेर। स्वर श्रृंगार कला केंद्र समिति की ओर से स्वर्गीय फकीरचंद मोदी की स्मृति में ‘स्वर श्रृंगार साहित्य सम्मान-2026’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी, हिंदी और उर्दू साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों का सम्मान किया गया। पूनम मोदी ने बताया कि इस वर्ष कमल रंगा, डॉ. मेघना शर्मा और शफीक अहमद वारसी (जयपुर) को स्वर श्रृंगार साहित्य सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप तीनों साहित्यकारों को शॉल, श्रीफल, सम्मान-पत्र एवं माल्यार्पण भेंट किया गया। शांतिलाल मोदी ने कहा कि कार्यक्रम में कवियों और शायरों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं की प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। साहित्य और संस्कृति के संरक्षण में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुमताज अहमद रहे। इस अवसर पर अमित गोस्वामी, संतोष तिवाड़ी, मोहम्मद तारीक, सलीम भाटी, आत्माराम भाटी सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
