

मुक्ताप्रसाद सीएचसी में रोगी कल्याण समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर मंथन
बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सा व्यवस्थाओं के विस्तार तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया। डॉ. पुखराज साध ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई। बैठक में कौशल शर्मा, डॉ. कल्पना, डॉ. शाहिना, महेंद्र चारण, तरुण वर्मा, रमेश गौड़, सत्यप्रकाश खत्री, रितेश सिन्हा, सुरेंद्र गोयल, नागेंद्र शर्मा एवं सत्यप्रकाश शर्मा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
