

आधुनिक राजस्थानी साहित्य-दसा अर दिसा संगोष्ठी आयोजित
बीकानेर। राजस्थानी में उत्कृष्ट साहित्य-सृजन हो रहा है, युवा रचनाकार भी समसामयिक विषयों पर कलम चला रहे हैं तथा राजस्थानी भाषा-साहित्य का भविष्य उज्ज्वल है। राजस्थानी को संवैधानिक मान्यता मिलने से राजस्थानी भाषा का चहुंमुखी विकास होगा। ये विचार साहित्यकारों ने राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को अकादमी सभागार में आयोजित राजस्थानी संगोष्ठी ‘आधुनिक राजस्थानी साहित्य-दसा अर दिसा’ में व्यक्त किये। डॉ. शंकरलाल स्वामी ने कहा कि राजस्थानी के वरिष्ठ व युवा रचनाकार निरंतर राजस्थानी भाषा-साहित्य के भंडार को समृद्ध कर रहे हैं। डॉ. अजय जोशी ने कहा कि नयी पीढ़ी को राजस्थानी में लिखने-बोलने के साथ-साथ साहित्य सृजन हेतु प्रेरित-प्रोत्साहित किया जाए। कमल रंगा ने आधुनिक राजस्थानी साहित्य की विविध विधाओं में हो रहे लेखन कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि साहित्यिक आलोचना व अनुवाद कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाये। राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि करोड़ों लोगों की मातृभाषा राजस्थानी को मान्यता मिलने से युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। कवि राजेन्द्र स्वर्णकार ने राजस्थानी में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विशन मतवाला, गोपाल कुमार व्यास, अंजली टाक, केशव जोशी, श्रीनिवास थानवी, कानसिंह, मनोज मोदी, रोहित कुमार स्वामी, रेणु प्रजापत, दिव्या राजपुरोहित आदि उपस्थित थे।
