

उत्तर भारत में सर्दियों का आगमन हो चुका है। रेगिस्तानी राज्य राजस्थान भी इससे अछूता नही है। यहां भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलने लगी है। हालांकि राज्य का मौसम अभी भी शुष्क बना हुआ है, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया कि बीते 24 घंटे में बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं पर कोहरे का प्रभाव देखा गया है। इसके साथ ही राज्य में सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सिरोही में दर्ज किया गया। जानिए आने वाले दिनों में राजस्थान का मौसम कैसा रहने वाला है…
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आज पूर्वी राजस्थान पूरी तरह से शुष्क रहेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं पर सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा होने की संभावना जताई गई है। इसी के साथ यहां ठंडक पड़ने की संभावना बनी रहेगी। वहीं आने वाली 18 नवंबर तक के लिए राज्य के सभी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने की प्रबल संभावना बनी रहेगी। इसी के साथ मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आज राजधानी जयपुर में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो न्यूनतम 18 डिग्री तापमान रहने का अनुमान लगाया है। आने वाली 18 नवंबर तक आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। तापमान में भी कोई खासा बदलाव देखने को नहीं मिलने की बात कही गई है। इस लिहाज से अनुमान लगाया जा रहा है कि राजस्थान के लोगों को सर्दी का एहसास होने में अभी और समय लगने वाला है। वहीं उत्तरी भारत के अन्य राज्यों में सुबह-शाम की सर्दी का एहसास होने लगा है। इसी के साथ लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि राजस्थान में भी जल्द ही सर्दी पड़ेगी।
