

राजस्थान में फैल रही मौसमी बीमारियां लोगों पर बेजा भारी पड़ रही है. ये मौसमी बीमारियां जानेलवा हो गई हैं. सिरोही जिले के काकिद्रा गांव में मौसमी बीमारियों के कारण तीन सगे मासूम भाई-बहनों की मौत हो गई. इनके तीन और सगे भाई बहन अस्पताल में भर्ती हैं. यहां अब यह मामला तूल पकड़ने लग गया है. उसके बाद चेते स्वास्थ्य विभाग ने सिरोही पीएमओ और इलाके की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस थमाए हैं. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से पूरा काकिद्रा गांव सहमा हुआ है. इस गांव में घर-घर में मौसमी बीमारियों के मरीज तड़प रहे हैं. बच्चों की मौत मलेरिया से होने की आशंका जताई जा रही है.
सिरोही के काकिद्रा गांव में खेती का काम करने वाले दलित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस गांव के भानाराम के छह में से तीन बच्चों की मौसमी बीमारियों से मौत हो गई है. इस इलाके में जागरुकता के अभाव में ग्रामीण बीमार होने पर अस्पताल जाने की बजाय झाड़फूंक करने वाले भोपों की शरण में जाते हैं. इस केस में भी यही हुआ. बच्चों के बुखार आने के बाद परिजन उनको झाड़फूंक कराने के लिए भोपों के पास ले गए.
गले में ताबीज बांधकर हो गए निश्चिंत
उनके गले में ताबीज बांधे. लेकिन बच्चों की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ. जब वे अस्पताल पहुंचे तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे. भानाराम इलाज के लिए कई दिनों तक निजी हॉस्पिटलों में भटकता रहा. इस दौरान 9 दिन में एक के बाद उसके तीन बच्चों की मौत हो गई. इनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल है. इस बीच भानाराम खुद और उसके तीनों अन्य बच्चे भी मौसम बीमारियों से घिर गए. इस घटना की जानकारी गांव में फैली तो इलाके के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी. उसके बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आया.
