

पत्रकार वेलफेयर सोसायटी का होली स्नेह मिलन समारोह
बीकानेर। पत्रकार वेलफेयर सोसायटी की ओर से हरि हेरिटेज (हरिनारायण महाराज की कोटड़ी) में पत्रकार होली स्नेह मिलन समारोह एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली पर्व की शुभकामनाएं साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय 21 पत्रकार साथियों का सम्मान किया गया, जिनमें पांच महिला पत्रकार भी शामिल थीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीडूंगरगढ़ के विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व मंत्री डॉ. बुलाकीदास कल्ला, वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास तथा राजस्थानी फिल्मों के निर्माता-निर्देशक अरविन्द कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी सम्मानित पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि बदलते समय के साथ हर क्षेत्र में चुनौतियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। पत्रकारों के कंधों पर जिम्मेदारियां बढ़ी हैं तो चुनौतियों का बढ़ना भी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को इन चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती से निभाना चाहिए। पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष से लेकर वर्तमान दौर की चुनौतियों तक पत्रकारों ने हमेशा सजग प्रहरी की भूमिका निभाई है।
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी होती है। पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ के रूप में मान्यता प्राप्त है और इसकी मजबूती लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने बीकानेर की पत्रकारिता परंपरा को देश के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय बताया।
कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज को जागरूक करने और दिशा निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच संवाद, विश्वास और सकारात्मक सहयोग को बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने पत्रकारों से पीत पत्रकारिता से दूर रहकर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पत्रकार वेलफेयर सोसायटी के सचिव उमाशंकर आचार्य, जार के प्रदेशाध्यक्ष श्याम मारू, भवानी जोशी, अनुराग हर्ष तथा अरविंद व्यास ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की प्रेरणा दी।
सोसायटी के अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली स्नेह मिलन जैसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का संचालन राजा सांखी ने किया, जबकि अंत में सोसायटी के सचिव उमाशंकर आचार्य ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इन पत्रकारों का किया गया सम्मान
समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील बरूआ, संजय पारीक, कुलदीप चारण, आनंद आचार्य, लक्ष्मीनारायण शर्मा, रोशन बाफना, आनंद जोशी, नारायण मत्तड़, राजेश छंगाणी, निखिल स्वामी, महेंद्र मेहरा, विनोद जोशी, नरेश मारू, गिरिराज भादाणी, अजीम भुट्टा और मनोज व्यास के साथ महिला पत्रकार उषा जोशी, मुदिता पोपली, सुनीता भोजक, डॉ. पूजा मोहता तथा सुमेस्ता विश्नोई का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गायककार राहुल जोशी ने फाल्गुनी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया, जिससे पूरा वातावरण होली के रंग और उमंग से सराबोर हो गया।
